भाजपा के पवन खजूरिया और आजाद उम्मीदवार पवन गुप्ता के नामांकन के दौरान शक्ति प्रदर्शन के चलते दिनभर सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही।
दोनों उम्मीदवारों के हजारों समर्थकों के एक साथ सड़कों पर उतरने से शहर में कई जगहों पर जाम लग गया। पुलिस को गाड़ियों को गंतव्य की ओर रवाना करने में पसीने छूट गए।
आजाद उम्मीदवार ने चबूतरा बाजार से हजारों समर्थकों के साथ रैली निकाली। जैसे ही रैली धार रोड पर पहुंची, दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस ने धार रोड पर विभिन्न हिस्सों पर वाहनों की आवाजाही को बंद कर दिया। यह रैली जब राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंची, तो वहां पर भी जाम की स्थिति पैदा हो गई।
दोपहर के समय भाजपा उम्मीदवार भी रैली निकालकर धार रोड पर पहुंच गए। दोबारा से वहीं स्थिति पैदा हो गई। दिनभर पूरा शहर जाम की परेशानी से जूझता रहा।
शहरवासियों व ग्रामीणों को अपने गंतव्य पर पहुंचने में काफी परेशानियों से जूझना पड़ा। पुलिस की तरफ से यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन कामयाबी न के बराबर ही मिल सकी। शाम को कार्यकर्ताओं के अपने घरों को लौटते समय यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग की समस्या सामने आई।