उधमपुर/रामबन। बनिहाल के शाबनवास इलाके में पस्सियां गिरने पर राष्ट्रीय राजमार्ग करीब आठ घंटे बंद रहा, जिसके कारण यात्रियों व चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पस्सी के मलबे की चपेट में टैंकर भी आ गया। लेकिन समय रहते चालक टैंकर से बाहर निकल गया। राजमार्ग के बंद होने पर उधमपुर व रामबन में वाहनों की लंबी कतार लग गई। राजमार्ग के खुलने पर पुलिस ने केवल श्रीनगर से जम्मू की तरफ चलने की अनुमति दी।
जानकारी के अनुसार बुधवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे शाबनवास में पस्सी गिरना शुरू हो गई। इस दौरान मलबे में टैंकर फंस गया। पता चलते ही टैंकर चालक सूझबूझ के साथ बाहर निकल आया। राजमार्ग के बंद होने पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जानकारी मिलने पर फोरलेन राजमार्ग का निर्माण कर रही कंपनी की मशीनरी राजमार्ग को खोलने के लिए मौके पर पहुंच गई और पस्सियों को हटाने का काम शुरू कर दिया। राजमार्ग बंद होने की सूचना मिलने पर उधमपुर से वाहनों के घाटी की तरफ जाने पर रोक लगा दी गई।
इसके बाद उधमपुर में भी वाहनों की लंबी कतार लगने लगी। चालक और यात्री राजमार्ग के खुलने का इंतजार करने लगे। करीब आठ घंटे के बाद सुबह करीब साढ़े 11 बजे राजमार्ग केे खोलने में कामयाबी मिली। पुलिस ने सबसे पहले बनिहाल व रामबन में फंसे वाहनों को ही चलने की अनुमति दी। इनके निकलने के बाद उधमपुर में रोके यात्री वाहनों को दोपहर के बाद घाटी की तरफ जाने की अनुमति दी गई। लेकिन ट्रकों को शाम तक घाटी की तरफ जाने की अनुमति नहीं मिली। चालक भी दिन भर आगे जाने की अनुमति मिलने का इंतजार करते रहे। रामबन व बनिहाल में जब सैकड़ों की संख्या में वाहन चलने लगे तो जाम की स्थिति बन गई और फिर शाम तक जाम की स्थिति बनी रही। जाम लगने के कारण रामबन के स्थानीय निवासी भी काफी परेशान हुए।