संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। उधमपुर की पंचायत कावा के सरकारी हाई स्कूल कावा में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में जल्द ही एक सिंथेटिक वाॅलीबाॅल कोर्ट का निर्माण किया जाएगा।
इस सिंथेटिक वाॅलीबाल कोर्ट के बनने से स्कूल विद्यार्थी बिना किसी परेशानी के अपना वाॅलीबाॅल अभ्यास जारी रख पाएंगे। लगभग 15 लाख की लागत से बनने वाले इस वाॅलीबाॅल कोर्ट के निर्माण के लिए ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की तरफ से निविदा प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। सोहन लाल, मनोहर सिंह, विक्रम सिंह व अन्य ने कहा कि यह सराहनीय कदम है।
पहली बार इस तरह की आधुनिक सुविधा स्कूल के लिए तैयार की जाएगी। इससे विद्यार्थियों को काफी लाभ मिलेगा और वे अपने खेल कौशल को बेहतर बना पाएंगे।
सिंथेटिक कोर्ट नहीं होने से वाॅलीबाॅल जैसे खेलों की प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों को दूसरे स्कूलों में जाना पड़ता था। वाॅलीबाॅल के लिए अलग से सिंथेटिक कोर्ट की जरूरत थी जो अब जल्द पूरी होने जा रही है।
इसके बनने से वाॅलीबाॅल का अच्छे से अभ्यास होगा और स्कूल की सुंदरता बढ़ेगी। इसके अलावा वाॅलीबाल की प्रतियोगिताएं भी स्कूल में ही आयोजित होंगी, जिसका सभी विद्यार्थी आनंद ले पाएंगे।