उच्च स्तरीय कमेटी को ज्ञापन देते स्थानीय लोग। संवाद
उच्च स्तरीय समिति ने कटड़ा के हितधारकों के साथ की परामर्श बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा । उच्च स्तरीय समिति (एचएलसी) ने श्री माता वैष्णो देवी निर्वाचन क्षेत्र कटड़ा के विधायक, रियासी के विधायक, डीडीसी, रियासी के अध्यक्ष, मुस्कान चैरिटेबल ट्रस्ट और बाणगंगा-चरणपादुका शॉप्स एसोसिएशन के साथ पांचवीं परामर्श बैठक की ।
विभिन्न संघों और समूहों के अनुरोधों के जवाब में यह बैठक शीघ्रता से बुलाई गई। समिति में एसएमवीडीएसबी के सदस्य सुरेश शर्मा जम्मू के संभागीय आयुक्त रमेश कुमार और एसएमवीडीएसबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंशुल गर्ग शामिल थे। समिति ने समस्याओं को दूर करने पर ध्यान केंद्रित करते हुए संघों और समूहों के साथ चर्चा की। समूहों ने सर्वसम्मति से श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की विकास पहलों को समर्थन दिया। उन्होंने स्थानीय आबादी की आजीविका की सुरक्षा और बाणगंगा के पारंपरिक ट्रैक के उन्नयन से संबंधित चिंताओं, जरूरतों और आकांक्षाओं पर विचार करने के महत्व पर जोर दिया।
गैर सरकारी संगठन मुस्कान ट्रस्ट ने दिव्यांग भक्तों को श्री माता वैष्णो देवी मंदिर तक सहज पहुंच की सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से रोपवे परियोजना की वकालत की। डॉ. भान ने कहा कि एचएलसी निरंतर संवाद और सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है और अंतिम निर्णय पर पहुंचने से पहले प्रत्येक हितधारक की आवाज सुनी जाएगी।