उधमपुर। श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय ने शुक्रवार को पटनीटॉप विकास प्राधिकरण और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के सहयोग से ऐतिहासिक क्रिमची मंदिर में हेरिटेज वॉक का आयोजन किया। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों, इतिहासकारों, कलाकारों, प्रशासकों और शिक्षाविदों ने भाग लिया।
हेरिटेज वॉक को एसएमवीडीयू के कुलपति पद्मश्री प्रोफेसर रवींद्र कुमार सिन्हा और पीडीए के सीईओ ठाकुर शेर सिंह ने क्रिमची मंदिरों से झंडी दिखाकर क्रिमची किले की ओर रवाना किया। हेरिटेज बैठक के बाद निर्देशित दौरे के दौरान प्रतिभागियों को एएसआई के बनाए जा रहे क्रिमची के स्थलों के प्रमुख ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहलुओं के बारे में जागरूक किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि माना जाता है कि जम्मू और कश्मीर के उधमपुर जिले के क्रिमची क्षेत्र में स्थित प्राचीन मंदिरों का समूह 11वीं और 12वीं शताब्दी के आसपास बनाया गया था, जो पांडव मंदिरों के रूप में पहचाने जाते हैं, और इनका ताल्लुक महाभारत से भी माना जाता हैं। पत्थर की संरचनाओं पर बने ये मंदिर पास में बहने वाली एक जलधारा के साथ बीते युग की भव्यता में ले जाते हैं।
जय करण सिंह और एएसआई जम्मू-कश्मीर सर्कल के अन्य विशेषज्ञों ने सभी को मंदिरों के ऐतिहासिक सार और स्थापत्य भव्यता के बारे में विस्तृत जानकारी दी। विरासत विशेषज्ञ अनिल पाबा और अशोक शर्मा ने भी जम्मू क्षेत्र के समृद्ध और शाही अतीत के बारे में बताकर इसे भावी पीढ़ी के लिए संरक्षित करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए और विश्वविद्यालय को क्षेत्र की विरासत के दस्तावेजीकरण, सौंदर्यीकरण और संरक्षण पर काम करना चाहिए।
वहीं, पटनीटॉप विकास प्राधिकरण के सीईओ ने पटनीटॉप व उसके आसपास विरासत, संस्कृति व अन्य संबधित पर्यटन क्षमता को विकसित करने और बढ़ावा देने के लिए की जा रही पहलों को साझा किया। एसएमवीडीयू के रजिस्ट्रार नागेंद्र सिंह जंवाल ने कहा कि जम्मू क्षेत्र प्राकृतिक उपहारों के साथ-साथ मानव निर्मित चमत्कारों से भरपूर है। कार्यक्रम में प्रबंधन संकाय के डीन सुपर्ण शर्मा, स्कूल ऑफ बिजनेस के एचओडी डॉ. सौरभ, स्कूल ऑफ बिजनेस (एसएमवीडीयू) के सहायक प्रोफेसर डॉ. सरबजोत सिंह व डॉ. सुरभि कपूर, एएसआई के अधीक्षक अभियंता गौहर अहमद खान, आदि उपस्थित रहे।
----
छात्रों ने प्रस्तुत किए रंगारंग कार्यक्रम
इस अवसर पर रोमालो राम, उनकी मंडली और छात्रों ने रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। उनकी लोक प्रस्तुतियों ने प्रतिभागियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बाद में प्रतिभागियों को पत्ते की प्लेटों (पत्तल) और कप (डूना) में डोगरा व्यंजन परोसे गए।
उधमपुर के क्रिमची पांडव मंदिर में ट्रैकिंग के लिए पहुंचे युवा व कार्यक्रम पेश करते कलाकार- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर के क्रिमची पांडव मंदिर में ट्रैकिंग के लिए पहुंचे युवा व कार्यक्रम पेश करते कलाकार- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर के क्रिमची पांडव मंदिर में ट्रैकिंग के लिए पहुंचे युवा व कार्यक्रम पेश करते कलाकार- फोटो : UDHAMPUR