उधमपुर। राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही एक तरफा होने के चलते सोमवार को घाटी जाने वाले सैकड़ों ट्रकों को उधमपुर में रोक कर रखा गया। चालक दिन भर आगे बढ़ने की अनुमति मिलने का इंतजार करते रहे, लेकिन पुलिस ने किसी को घाटी की तरफ जाने की अनुमति नहीं दी। सुबह से शाम तक वाहन श्रीनगर से जम्मू की तरफ चलते रहे।
गौरतलब है कि रामबन के केला मोड़ इलाके में पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही बुरी तरह से प्रभावित है। करीब एक महीने से राजमार्ग पर ट्रकों के लिए एक तरफ वाहनों की आवाजाही रखी जा रही है। ट्रकों को एक दिन उधमपुर के विभिन्न हिस्सों में रोक कर रखा जा रहा है। सोमवार को वाहनों की आवाजाही श्रीनगर से जम्मू तरफ रखी गई थी। जबकि जम्मू से श्रीनगर के लिए केवल छोटे वाहनों को जाने की अनुमति दी जा रही थी। पुलिस ने सुबह से ही ट्रकों के घाटी की तरफ जाने पर प्रतिबंध लगा दिया था।
इसके बाद ट्रकों की कतार बढ़ती गई। दोपहर तक उधमपुर के जखैनी, भारत नगर, रठियान, बट्टलबालियां, गरनई, मांड व विभिन्न हिस्सों में सैकड़ों ट्रकों को रोका जा चुका था। चालक आगे बढ़ने की अनुमति मिलने का इंतजार करने लगे। लेकिन शाम तक किसी को भी घाटी की तरफ जाने की अनुमति नहीं मिली। चालकों का कहना था कि अगर मंगलवार को मौसम साफ रहता है तो उनको सुबह घाटी की तरफ जाने की अनुमति मिल जाएगी। अगर राजमार्ग पर कोई समस्या है तो फिर उनको मंगलवार को भी आगे नहीं जाने दिया जाएगा। रोके जाने पर उनको कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उम्मीद है कि मंगलवार सुबह आगे जाने की अनुमति मिल जाएगी।