फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मौसम की करवट : हर तरफ बारिश, बर्फबारी और तूफान

Fri, 12 Feb 2016 01:02 AM IST
ब्यूरो/अमरउजाला, उधमपुर/चिनैनी
विज्ञापन
विज्ञापन
बुधवार रात से बिगड़े मौसम के मिजाज के बाद ऊंची पर्वतीय चोटियां फरवरी माह में दूसरी बार बर्फ  की सफेद चादर में लिपट गई, जबकि प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नत्थाटाप और पत्नीटाप में भी ताजा हिमपात हुआ।
विज्ञापन


इतना ही नहीं वीरवार की दोपहर को इस मौसम सीजन में पहली बार चिनैनी और किश्तवाड़ कसबे में भी बर्फबारी हुई। दूसरी तरफ विभिन्न इलाकों में दिन भर रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला भी जारी रहा। इस पर ठंडी तेज हवा के झोकों ने ठंड और बढ़ा दी है।


मौसम की मेहरबानी ऐसी हुई कि नत्थाटाप में एक फुट तक ताजा हिमपात हुआ। पत्नीटाप में भी छह इंच बर्फ  गिरी। इससे इन स्थलों में पहुंचे सैलानियों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा। इस बीच चिनैनी कसबे में वीरवार दोपहर को पहली बार बर्फ के हलके फाहे गिरे।
विज्ञापन


हालांकि कसबे में बर्फ जमी नहीं। उधर शिवगढ़ धार, स्योजधार, जुगधार, देराटाप, लाटी व अन्य जगहों पर भी ताजा बर्फ  पड़ने से पूरा क्षेत्र ठंड की चपेट में आ गया है। बुधवार से ही मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ था। वीरवार को पूरे दिन बारिश व बर्फबारी पूरा दिन जारी रही।

उधमपुर शहर और आसपास के इलाकों में शाम को भी काले बादलों के बीच पंचैरी, बसंतगढ़, नत्थाटाप आदि पहाड़ी क्षेत्रों में हिमपात हुआ। देर रात तक बादलों का डेरा आकाश में लगा रहा।

उधमपुर में स्थित एयरफोर्स स्टेशन से मिली जानकारी के मुताबिक उधमपुर में अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आगामी चौबीस घंटे में बादल आसमान पर बने रहेंगे। और बारिश का अनुमान है।

कसबे में दिखी वीरानी
चिनैनी। मौसम के तल्ख तेवर के बीच धुंध का असर भी दिन भर बना रहा। तूफान भी चल रहा था। इसके चलते कड़ाके की ठंड के बीच लोग दिन भर घरों में ही दुबके रहे। लोग अलाव जलाकर ठंड से बचाने के उपाय में जुटे रहे। इसके चलते कसबे और बाजारों में चहलकदमी काफी कम दिखी।

पत्नीटाप-नत्थाटाप में सैलानियों का जमावड़ा

चिनैनी। कुदरत ने पत्नीटाप और नत्थाटाप में पहुंचे सैलानियों की मुराद पूरी कर दी। वीरवार की सुबह पत्नीटाप में ठहरे सैलानी जब सुबह उठे तो मौसम का मिजाज देखकर गदगद हो गए। पत्नीटाप बर्फ  की सफेद चादर में लिपटा था।

इतना ही नहीं प्रकृति ने उन्हें पूरा दिन बर्फ के गिरते फाहों के बीच मस्ती करने का तोहफा दिया। इससे उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से पत्नीटाप और नत्थाटाप में सैलानियों की संख्या में इजाफा हुआ है जो बर्फ  के बीच काफी आनंद ले रहे हैं।

किश्तवाड़ में खुशी से उछले लोग

किश्तवाड़। किश्तवाड़ कसबे के लोग वीरवार की सुबह खुशी के मारे उछल पड़े। इस वर्ष सीजन में पहली बार बर्फबारी जो हुई थी। सुबह के समय पहले बारिश होने लगी।

इस बीच अचानक बर्फबारी शुरू हो गई। लोगों ने सोचा भी नहीं था कि इस बार कसबे में बर्फ गिरेगी। इससे लोगों में खुशी का ठिकाना नहीं रहा। हालांकि दस मिनट बाद बर्फ गिरनी बंद हो गई।

दिन भर रुक-रुक कर बारिश होती रही। उसके बाद शाम होते ही फिर से बर्फबारी आरंभ हुई हो गई। खबर लिखे जाने तक करीब एक इंच बर्फ जमा हो गई थी। रात को और हिमपात होने की उम्मीद बनी थी।

कसबे के लोगों का कहना था कि कसबे में बर्फबारी नहीं होने से काफी बीमारियां हो सकती थी। आगे गर्मी के दिनों में पानी की घोर किल्लत की आशंका थी। फसल भी खराब भी जाती। अब इन तरह की परेशानियां नहीं होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें