लगातार बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन की चिंता बढ़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जिले में डेंगू के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार एक ही दिन में इस साल के सबसे अधिक 11 नए मामले सामने पाए गए हैं। इसके बाद जिले में डेंगू मरीजों की संख्या 61 तक पहुंच गई है। इससे पहले 19 सितंबर को छह मामले मिले थे। जागरूकता और जांच के बावजूद लगातार बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन की चिंता बढ़ दी है।
जानकारी के अनुसार, डेंगू के अधिकतर मरीज शहरी इलाकों के साथ-साथ कुछ ग्रामीण क्षेत्रों से भी सामने आए हैं। इनमें सबसे ज्यादा ब्लाॅक टिकरी में 39 मामले रिपोर्ट हो चुके हैं। इसके बाद चिनैनी में 17 और रामनगर में 5 मामले पाए गए हैं। अन्य ब्लाकों में फिलहाल राहत है। टिकरी में जिला मुख्यालय के आसपास के ग्रामीण इलाकों के साथ ही शहर का अधिकतर हिस्सा भी शामिल है। फिलहाल डेंगू के कुल 61 मामलाें में से 28 रोगी ठीक हो चुके हैं और अन्य 33 का स्वास्थ्य विभाग की करीबी निगरानी में होम ट्रीटमेंट जारी है। अभी तक किसी भी मामले में आपात स्थिति की नौबत नहीं आई है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ मच्छरों के प्रजनन स्थलों को खत्म करने के लिए उपाय कर रही हैं। विभाग ने नगर परिषद और पंचायत प्रतिनिधियों को भी सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। लोगों से भी अपील की जा रही है कि वे घरों के आसपास पानी जमा न होने दें और टंकियों को ढककर रखें। डेंगू से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका मच्छरों को पनपने से रोकना है। समय पर पहचान और उचित देखभाल से ही मरीज को स्वस्थ किया जा सकता है। इसलिए बुखार या तेज सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, जोड़ों में दर्द या शरीर पर लाल चकत्ते जैसी कोई भी लक्षण दिखे तो तुरंत नज़दीकी अस्पताल में जांच करवाएं।
डेंगू नियंत्रण के लिए जिला भर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। लोगों से भी अपील है कि वे स्वयं भी एहतियात बरतें और रोकथाम उपायों को सख्ती से पालन करें। डेंगू की रोकथाम के लिए अकेले प्रशासन के प्रयास पर्याप्त नहीं होंगे जब तक कि आम लोग स्वयं भी सतर्कता और जागरूकता नहीं अपनाते।
-विजय कुमार, -सीएचओ, जिला मलेरिया विभाग, उधमपुर