-विश्व ह्रदय दिवस पर वॉकाथान का आयोजन, चीनी और नमक का कम उपयोग करने की सलाह
फोटो सहित
उधमपुर। विश्व ह्रदय दिवस पर सोमवार को ह्रदयरोग विशेषज्ञ अनिल शर्मा की ओर से वॉकथॉन का आयोजन किया गया। इसमें सामाजिक, राजनीतिक संगठनों सहित युवाओं, छात्रों और शहरवासियों ने भी हिस्सा लिया।
सुबह स्टेडियम से शुरू हुई वॉकथॉन धार रोड के रास्ते सलाथिया चौक, कोर्ट रोड, रामनगर चौक, मुखर्जी बाजार से होते हुए गोल मार्केट शहीद भगत सिंह पार्क में जाकर संपन्न हुुई। इसके माध्यम से लोगों को ह्रदय रोगों से बचाव और स्वास्थ्य की देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। डॉ.अनिल शर्मा ने बताया कि ह्रदय रोग बहुत तेजी से बढ़ रहा है। ज्यादातर बीपी, शुगर और कैलेस्ट्रोल से काफी लोग परेशान हैं। ह्रदय की चार मुख्य बीमारियों के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि जन्मजात जो बीमारी होती है उसको रोकना मुश्किल है। मां से किसी प्रकार का संक्रमण बच्चे तक न पहुंचने देने के लिए गर्भावस्था के दौरान ही दवा से रोकथाम का प्रयास किया जाता है। दूसरा लक्ष्ण ह्रदय की मांसपेशी का कमजोर होने से, तीसरी दिल की धड़कन बढ़ना या कम होना और आखिरी दिल के दौरे की बीमारी जो आज आम बीमारी बन चुकी है। ह्रदय को स्वस्थ रखने के लिए सबसे पहले स्ट्रेस यानी तनाव से दूर रहें। ध्यान, योगा, मनपसंद कार्य करें। संगीत सुनें और परिवार के साथ समय बिताएं। इससे तनाव कम किया जा सकता है। दूसरा धूम्रपान, चीनी और नमक का सेवन कम करें। उन्होंने कहा कि हमारा दिल 24 घंटे काम करता है। दिन में करीब एक लाख बार धड़कता है। क्या हम उसके लिए थोड़ा समय नहीं निकाल सकते हैं। उन्होंने कहा कि महीने में एक बार बीपी, शुगर और केलेस्ट्रोल की जांच जरूर करानी चाहिए।