उधमपुर। जिला प्रशासन की तरफ से हज पर जाने वाले यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) उधमपुर में विशेष वैक्सीनेशन एवं मेडिकल जांच शिविर लगाया। इस दौरान यात्रियों की स्वास्थ्य जांच और आवश्यक टीकाकरण किया गया।
इस वर्ष जिले से 32 यात्री पवित्र हज यात्रा पर जा रहे हैं, जिनमें 17 महिलाएं और 15 पुरुष हैं। वीरवार को आयोजित शिविर में 28 यात्रियों को वैक्सीनेशन दी गई। जबकि शेष यात्रियों की प्रक्रिया अगले चरण में पूरी की जाएगी।
यात्रियों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनके लिए बेहतरीन और सुव्यवस्थित इंतजाम किए गए हैं। मेडिकल जांच और वैक्सीनेशन की प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाया गया, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अनिल मन्हास ने बताया कि यात्रियों को इन्फ्लूएंजा और माइकोग्लो वैक्सीन दी गई है। इससे पहले तीन प्रकार की वैक्सीन दी जाती थीं। इस बार पोलियो की खुराक नहीं दी गई है।