उधमपुर। मनरेगा के साथ छेड़छाड़ बंद करने की मांग को लेकर वीरवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष सुमित मगोत्रा की अध्यक्षता में केंद्र सरकार के खिलाफ जिला उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
जिला अध्यक्ष सुमित मगोत्रा ने कहा कि मनरेगा के असली स्वरूप के साथ छेड़छाड़ और बजट में कटौती कर ग्रामीण इलाकों के गरीब मजदूरों पर प्रहार करने की जो कोशिश की गई है, पार्टी उसका कड़ा विरोध करती है। साथ ही मांग करती है कि मनरेगा को पहले जैसे मजबूत स्थिति में लागू किया जाए। इसमें किसी तरह की छेड़छाड़ न हो। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी डीसी कार्यालय में सौंपा। उन्होंने कहा कि मनरेगा को बिना किसी छेड़छाड़ के पहले की तरह मजबूत बनाए रखना, बकाया देनदारियों का भुगतान करना, बजट में कटौती में कमी लाना मुख्य मांगे हैं। यहां पूर्व अध्यक्ष विनोद खजूरिया, वरिष्ठ नेता अनिल पचियाला, ओम प्रकाश खोखर, गोपाल खजूरिया, मनमोहन रैना, सुनील गुप्ता, हंसराज ठाकुर मौजूद थे।