उधमपुर। जिले के शहर व ग्रामीण इलाकों में रंगो का महापर्व होली रविवार को हर्ष व उल्लास के साथ मनाया गया। बच्चों व युवाओं ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। पिचकारियों के साथ टोलियों में बच्चे दिन भर एक दूसरे पर रंग-गुलाल डालकर होली की खुशियों को प्रकट करते नजर आए। वहीं कुछ इलाकों में युवक डीजे की धुन पर संगीत बजाकर व नाचते हुए होली खेलते रहे। होली के जश्न में कोरोना संकट का भी ध्यान नहीं रखा गया।
देविकानगरी के साथ ग्रामीण इलाकों में भी होली को लेकर सुबह से ही बच्चे होली के रंग में सराबोर होने लगे थे। छत्तों से बाल्टियों और पिचकारियों के सहारे बच्चे राह चलते लोगों को रंग डालकर मस्ती करते रहे। साथ ही बुरा न मानो होली है कहकर माफी भी मांग रहे थे। दोपहर एक-दो बजे तक होली का जश्न चरम पर बना रहा। रंग-गुलाल से लिपटे बदन, गुलाबी लाल, हरा पीला व अन्य कई रंग से सरोबार कपड़े पहने मोटरसाइकिल पर सवार होकर जिस मार्ग से युवाओं की टोलियां गुजर रही थी वहां का नजारा देखने लायक था। शहर की हर गली व सड़क होली के रंग में रंगी हुई नजर आई। कई लोग एक दूसरे को तिलक लगाकर व गले मिलकर होली की बधाई दे रहे थे। कोरोना के नियमों की तरफ किसी ने भी ध्यान नहीं रखा। युवा व किशोर बिना मास्क के बाजार में होली खेल रहे थे। कोई सामाजिक दूरी के नियम का भी ख्याल नहीं रख रहा था। कोई इनको रोकने वाला भी नहीं था।
बाइक पर घूमती रही युवाओं की टोलियां
होली को लेकर युवाओं की मस्ती देखने लायक थी। पहले सभी टोलियों मे सीटियां बजाते हुए शहर में घूमते हुए नजर आए। वहीं, दोपहर के समय शहर के विभिन्न हिस्सों में डीजे लगाकर घंटों नाचते व गाते हुए नजर आए। युवाओं ने अपने आसपास के इलाकों को भी होली के रंग में रंग दिया था।
हुड़दंग करने वालों पर रखी पुलिस ने रखी थी नजर
होली के दिन हुड़दंग मचाने वालों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने शहर के विभिन्न हिस्सों में विशेष प्रबंध करके रखे थे। पुलिस को जहां पर युवक हुड़दंग करते हुए नजर आए उसी समय वाहनो को रोक कर चेतावनी दी, जो नहीं माने उनके चालान काटकर कार्रवाई की गई। इसके अलावा होली को लेकर शहर के ज्यादातर सार्वजनिक स्थालों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।