उधमपुर। उपराज्यपाल के निर्देश के बाद जिला प्रशासन की ओर से बुधवार देर रात 50 फीसदी दुकानें खोलने का रोस्टर जारी कर दिया है। इसके अनुसार ही वीरवार को देविकानगरी में दुकानें खोलीं गईं। इसमें जहां जरूरी वस्तुओं दूध-दहीं, दवा, क्लीनिक, फल-सब्जियाें, मीट-चिकन और बेकरी की दुकानें रोजाना खोलने की अनुमति दी है। वहीं, सुबह नौ से शाम सात बजे तक दुकानें खोलने का समय निर्धारित किया गया है। वीरवार को रोस्टर के अनुसार ही दुकानें खोलीं गईं, जिसका व्यापारियों ने रोष जताया है।
उनका कहना है कि इससे कारोबार पर बुरा असर पडे़गा। पिछले साल भी लॉकडाउन की मार से परेशानी उठानी पड़ी है। अब फिर से कारोबारियों और जनता को परेशान होना पड़ेगा। शादियों का सीजन जारी है। ऐसे में आदेश लागू होने से लोगों की समस्याएं बढ़ गई हैं। इससे बेहतर था की पूर्ण लॉकडाउन लगाया जाता। क्योंकि सप्ताह में केवल तीन दिन दुकानें खोलने से किराया, बिजली बिल, सेल्समैन का वेतन आदि निकाल पाना संभव नहीं होगा। इससे अतिरिक्त बोझ पडे़गा। कोविड-19 की रोकथाम के लिए उपराज्यपाल की ओर से उठाए गए कदम सराहनीय हैं, लेकिन इनसे कारोबारियों को मार पड़ रही है।
व्यापार मंडल के सदस्यों ने बताया कि रोस्टर वाइज दुकानें खोलने के आदेश को मानते हैं। लेकिन इससे नाखुश हैं। क्योंकि शादियों का सीजन होने के कारण कारोबार प्रभावित होगा। व्यापार मंडल की ओर से दिए गए प्रस्ताव से कुछ बिंदुओं को शामिल नहीं किया गया है। निर्देश के अनुसार कोविड-19 के दिशानिर्देशों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई है। गढ़ी, चोपड़ा शॉप, रैंबल, मजालता में मार्केट को सुबह नौ से शाम को सात बजे तक ही खुली रहेगी। वहीं, शाम को सात बजे के बाद खुली दुकानों को प्रशासन की तरफ से बंद करवाया गया है।
प्रशासन की ओर से जारी रोस्टर
दिन खुलने वाली दुकानें
- रोजाना केमिस्ट शॉप, टैस्टिंग लैब, हेल्थ क्लीनिक, दूध-दहीं, मिठाई, फल-सब्जियां, मीट-चिकन और बेकरी शॉप शामिल हैं।
- मंगलवार, वीरवार और शनिवार कपड़े और रेडिमेड गारमेंट्स, दर्जी, बूटीक, फुटवियर, मनियारी, कास्मेटिक, ज्वेलरी, खिलौना, गिफ्ट शॉप, शोरूम, फर्नीचर, हैंडलूम, पूजा शॉप, जिम एंड स्पा, सूटकेस एंड बैग शॉप, स्टेशनरी, प्रिटिंग प्रैस और फोटोस्टेट।
- बुधवार, शुक्रवार और रविवार क्राकरी, बर्तन, किराना एंड ग्रोसरी, मोबाइल, इलेक्ट्रानिक, घड़ियां-ऐनक, आरा मिल्स, बैल्डिंग वर्कस, ग्लास शॉप, हार्डवेयर, सेनिटेरी, शटरिंग, बिल्डिंग मैटीरियल, ऑटोमोबाइल शोरूम एंड एक्सेसरीज शॉप, साइकिल-ऑटोमोबाइल रिपेयरिंग और सर्विस स्टेशन।
नागा सोमवार। नाई और ब्यूटी सैलून खुलेंगे और मंगलवार को बंद रहेंगे।