अवकाश का पालन करना सभी के लिए अनिवार्य, नियम तोड़ने वालों पर लगेगा जुर्माना
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। शहर के किरयाना रिटेलर, होलसेलर एसोसिएशन और टॉफी-टिक्की नमकीन ट्रेडर्स एसोसिएशन ने गर्मियों की छुट्टियों को लेकर एक बड़ा फैसला किया है। जारी सर्कुलर के मुताबिक आगामी 8, 9, 10 और 11 जून को उधमपुर शहर में इन सभी व्यापार से जुड़ी दुकानें पूरी तरह से बंद रहेंगी। यह फैसला कोर्ट रोड स्थित व्यापार मंडल कार्यालय में हुई बैठक में सभी व्यापारियों की सहमति से लिया गया है।
एसोसिएशन के अनुसार, पहले तय की गई छुट्टियों की तारीखों में बदलाव किया गया है। अब इसे स्कूलों की गर्मी की छुट्टियों के साथ मिलाया गया है, ताकि व्यापारी परिवार के साथ धार्मिक यात्राओं, घूमने-फिरने और आराम के लिए समय निकाल सकें। इस चार दिवसीय अवकाश के दौरान शहर के सभी किरयाना, पंसारी, आटा, चावल, खल-चोकर फीड और नमकीन-टॉफी के थोक व रिटेल कारोबार पूरी तरह ठप रहेंगे।
एसोसिएशन ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि इस सामूहिक अवकाश का पालन करना सभी सदस्यों के लिए अनिवार्य है। यदि इन चार दिनों के भीतर कोई भी दुकान खुली पाई गई, तो एसोसिएशन उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। नियम का उल्लंघन करने वाले थोक व्यापारी (होलसेलर) पर 20,000 रुपये और फुटकर व्यापारी (रिटेलर) पर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। बात न मानने वाले व्यापारी का एसोसिएशन से सामाजिक व व्यापारिक बहिष्कार भी किया जा सकता है।
जनता से पहले ही सामान खरीदने की अपील
व्यापार मंडल उधमपुर के अध्यक्ष जितेंद्र बरमानी ने कहा कि लगातार काम के दबाव के बीच व्यापारियों को मानसिक शांति और परिवार के साथ वक्त बिताने के लिए यह ब्रेक बेहद जरूरी है। एसोसिएशन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी जरूरत का राशन और अन्य सामान इन छुट्टियों के शुरू होने से पहले ही खरीद लें, ताकि बाद में कोई परेशानी न हो।