धार रोड के किनारे बने नाले के जाम होने से वीरवार को बारिश का पानी सतैनी के लोगों के घरों में जा घुसा। इससे गुस्साए लोगों ने ग्रेफ के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
सतैनी वासियों का कहना था कि धार रोड किनारे नालियां बनाई जा रही हैं। इस दौरान काफी मात्रा में मलबा गिरने से पानी की निकासी बंद हो गई।
इसके कारण बारिश का पानी लोगों के घरों ओर दुकानों में घुस गया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे स्थानीय निवासी संसार सिंह जंवाल ने कहा कि ग्रेफ की लापरवाही के कारण यह समस्या पेश आई। यह भी कहा कि ग्रेफ के आला अधिकारियों से बात करने के बाद सिवाय आश्वासन के कुछ नहीं मिलने हुआ। मजबूर होकर प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि केवी नंबर 2 स्कूल की ओर जाने के लिए पैदल पथ का निर्माण करवाया जा रहा है। इसके चलते सारा मलबा नाले में आने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। जब भी बारिश होती है तो पानी की निकासी नहीं होने के कारण सारा पानी लोगों के घरों और धार रोड किनारे बनी दुकानों के अंदर चले जाने से लोगों का काफी नुकसान हो रहा है।
ग्रेफ की लापरवाही का खामियाजा अब लोगों को भुगतना पड़ रहा है, लेकिन ग्रेफ के अधिकारी लोगों की समस्या को दूर करने के लिए गंभीर नजर नहीं आ रहा हैं। ऐसे में उनके पास सिवाय आंदोलन के कोई रास्ता नहीं रह जाता है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर एक सप्ताह के भीतर थिल रौन के लोगों की समस्या को ग्रेफ की ओर से नहीं सुलझाया गया तो वह पूरे क्षेत्र के लोगों के साथ धार रोड जाम कर उग्र प्रदर्शन करने पर मजबूर हो जाएंगे। प्रदर्शन में पंकज गुप्ता, रघुवीर सिंह, पवन कुमार, संदीप सिंह, कुलदीप कुमार, पूर्ण चंद सहित अन्य शामिल थे।