उधमपुर। बीते कई सालों से जर्जर इमारत में चल रहे सरकारी मिडिल स्कूल संथल को अब जल्द ही अपनी नई इमारत नसीब होगी। इसके लिए समग्र शिक्षा के तहत 44 लाख रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई है।
लोक निर्माण विभाग की तरफ से इमारत के निर्माण कार्य को लेकर टेंडर की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। क्षेत्रवासियों के मुताबिक तहसील रामनगर के कुलवंता जोन के अंतर्गत आते स्कूल की स्थापना साढे़ तीन दशक पहले हुई थी।
स्थापना के बाद साल 2014-15 में नई इमारत बनाई गई थी, लेकिन एक साल बाद ही इसकी हालत खराब होना शुरू हो गई। इसके अगले कुछ सालों में इमारत के दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें आ गईं। जानकारी मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने लोक निर्माण विभाग के सहयोग से इसकी सुरक्षा जांच करवाई और फिर यह इमारत असुरक्षित घोषित कर दी गई। इसके बाद स्कूल को किराए की इमारत में चलाया जा रहा था, लेकिन बीते साल अधिकतर छात्रों ने स्कूल छोड़ दिया और 3 किलोमीटर दूर मिडिल स्कूल केला में स्थानांतरित हो गए।
स्थानीय बोध राज, नेक राम, हंस राज, राजिन्दर कुमार व अन्य ने कहा कि स्कूल की इमारत जर्जर होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। मिडिल स्कूल केला में सुरक्षित इमारत व अन्य सुविधाएं तो मिलती हैं लेकिन 3 किलोमीटर की दूरी काफी परेशान करने वाली साबित हो रही थी।
इसलिए अभिभावक काफी समय से इमारत बनाने की मांग कर रहे थे। नई इमारत बनने से बच्चों को काफी सुविधा मिलेगी और दूसरे क्षेत्र में जाकर पढ़ाई करने की परेशानी से भी राहत मिलेगी। इससे अभिभावकों की चिंता भी दूर होगी।