संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। शहर के जखैनी चौक के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर फुट ब्रिज की मंजूरी मिलने पर स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नेशनल हाईवे अथारिटी का आभार व्यक्त किया है। उनका कहना था कि आवाजाही को लेकर काफी परेशानी पैदा हो गई थी, अब जनता को राहत मिलेगी।
सोमवार को पत्रकारवार्ता में समाज सेवक गोविंद राम चलोत्रा ने बताया कि हाईवे बनने के बाद से कई लोगों की राष्ट्रीय राजमार्ग को पार करने के दौरान हादसे का शिकार बनने से जान भी चली गई। क्षेत्रवासी लगभग सात सालों से जखैनी चौक के समीप बाबा काली वीर देव स्थान और पीर बाबा चौक तक फुट ब्रिज बनाने की मांग कर रहे थे जिसे अब मंजूरी मिल गई है। इस फुट ब्रिज के बनने से न सिर्फ स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा बल्कि लड्डन, पावर हाऊस, उमाला, भारत नगर आदि आसपास के इलाकों को भी फायदा होगा।
उन्होंने कहा कि फुट ब्रिज बनने से राजमार्ग को पार करते समय होने वाले हादसों का डर भी दूर हो जाएगा। सभी क्षेत्रवासी जिला प्रशासन और हाईवे अथारिटी के आभारी हैं। इस अवसर पर जोगिंदर सिंह, काका, रतन लाल, सदीक व अन्य लोग उपस्थित थे।