वीरवार से शुरू होने वाले नवरात्रों पर होने वाली रामलीला की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कलाकार बुधवार को फुल ड्रेस रिहर्सल करेंगे। उधमपुर के चबूतरा चौक और गढ़ी के मलाड़ मोड़ पर हर वर्ष रामलीला होती है। नौ दिन तक चलने वाली रामलीला के लिए पिछले कई दिनों से रिहर्सल हो रही है।
मलाड़ में रामलीला का आयोजन करने वाले महावीर यूथ कला केंद्र के अध्यक्ष कैलाश शर्मा के अनुसार कलाकारों में रामलीला को लेकर काफी उत्साह है। नए कलाकारों को भी मौका दिया गया है। अधिकतर कलाकार पुराने हैं। कई वर्षों से रामलीला कर रहे इन कलाकारों को डायलॉग जुबानी याद हैं।
क्षेत्र में वर्ष 1967 से रामलीला का आयोजन हो रहा है। लोगों में भी हर साल रामलीला देखने का उत्साह है। रामलीला स्थल को साफ किया जा रहा है। वस्त्र व शस्त्रों का भी निरीक्षण किया गया है। स्थल पर पर्दे लगाए जा रहे हैं। राम की भूमिका को जगदीश शर्मा, रावण की भूमिका पिंका, मेघनाथ की अरुण शर्मा, लक्ष्मण की स्वर्ण सिंह, हनुमान की रवि कुमार और सीता की भूमिका अजय शर्मा निभा रहे हैं।
लोगों के मनोरंजन के लिए कई जगह पर व्यंग्यात्मक दृश्य व डायलॉग भी रखे गए हैं। सभी पिछले कई सालों से यही भूमिका निभा रहे हैं। नगर के चबूतरा चौक पर भी रामलीला की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। श्री राम बाल युवा रामलीला केंद्र कई सालों से रामलीला का आयोजन कर रहा है।
रामलीला में बच्चे भी बढ़चढ़कर भाग ले रहे हैं। कलाकार पूरी मेहनत से डायलॉग को याद कर रहे हैं। दशहरे वाले दिन सुभाष स्टेडियम में रावण दहन के साथ ही इसका समापन होगा।