उधमपुर। जिले में बुधवार को कुल चार और लोगों ने कोरोना को मात दी है। इसके अलावा शाम तक कोई नया संक्रमण का मामला सामने नहीं आया है। मौजूदा समय में जिले में केवल दो मामले बचे हैं। स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन को राहत मिली है।
जिले में कुछ दिनों से लगातार कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। वहीं संक्रमण के मामलों में लगातार कमी आ रही है। सोमवार को जिले में नौ लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे थे और संक्रमण का एक भी मामला सामने नहीं आया था। मंगलवार को दूसरे दिन 11 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे है और शाम तक एक भी संक्रमण का मामला सामने नहीं आया। वहीं अब बुधवार को भी लगातार कोई भी नया मामला सामने नहीं आया है, जबकि चार लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। इसी के साथ अब जिले में केवल 2 सक्रिय मामले बचे हैं। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 4319 मामले हो गए हैं। 4260 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 57 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है। केवल दो सक्रिय मामले शेष रह गए हैं।