शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी में लिंग संवेदीकरण और फोरेंसिक प्रशिक्षण कोर्स का समापन
उधमपुर। शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी उधमपुर में राष्ट्रीय महिला आयोग नई दिल्ली की ओर से प्रायोजित तीन दिवसीय लिंग संवेदीकरण और फोरेंसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को संपन्न हुआ।
इस प्रशिक्षण में जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश से 20 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों के कौशल और ज्ञान को बढ़ाना था, ताकि वे महिलाओं के अधिकारों को बेहतर ढंग से समझ सकें। लैंगिक समानता को बढ़ावा दे सकें और लिंग आधारित हिंसा से प्रभावी रूप से निपट सकें। इसके अलावा बेहतर जांच और साक्ष्य संग्रह के लिए आधुनिक फोरेंसिक तकनीकों का प्रशिक्षण भी दिया गया। कार्यक्रम में किशोर न्याय बोर्ड जम्मू शालिनी शर्मा, केंद्रीय प्रशासक वन स्टॉप सेंटर फॉर वुमन मीना कुमारी, उधमपुर, वरिष्ठ पीओ शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी अमित प्रकाश सहगल, सहायक वैज्ञानिक अधिकारी, एफएसएल जम्मू डॉ. अंकुश महाजन, एनजीओ प्रतिनिधि जेकेएसपीवाईएम जम्मू पल्लवी सिंह, इंस्पेक्टर, साइबर पुलिस स्टेशन जम्मू मनोज गुप्ता, इंस्पेक्टर शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी उधमपुर महमूद अहमद, इंस्पेक्टर संदीप महाजन मौजूद रहे। समापन समारोह के दौरान शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी के उप निदेशक (इनडोर, प्रशिक्षण) एसएसपी राजिंदर कुमार गुप्ता मुख्य अतिथि थे। संवाद