उधमपुर। कोरोना कर्फ्यू के नियमों का उल्लघंन करने वालों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए सोमवार को पुलिस ने जहां पांच दुकानें सील की हैं वहीं, एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा बिना मास्क घूम रहे 302 लोगों से जुर्माना वसूला है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बार-बार अपील करने के बावजूद लोग प्रशासनिक दिशानिर्देशों का उल्लंघन कर रहे हैं। इससे जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसलिए पुलिस और प्रशासन को सख्त कारवाई करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
सोमवार को भी कोरोना कर्फ्यू के बावजूद कुछ लोग इसके नियमों का उल्लंघन कर दुकानों को खोलकर काम करते पाए गए हैं। पुलिस ने उधमपुर में चार और रैंबल में एक दुकान को सील किया है। इसके साथ ही बिना मास्क के घूम रहे 302 लोगों से जुर्माना वसूला गया है। जिला प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील है कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए जारी दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करें।