- बनिहाल के खारी में दोपहर साढ़े 12 बजे की घटना, सर्दियों के लिए जमा राशन भी हो गया राख
रामबन। उपमंडल बनिहाल की तहसील खारी के दूरदराज कूट क्षेत्र में मंगलवार दोपहर आग लगने से दो मकान पूरी तरह तबाह हो गए। अधिकारियों के अनुसार करीब 12:30 बजे आग भड़क गई और देखते ही दो मकानों को चपेट में ले लिया। पीड़ित अब्दुल कय्यूम नाइक और यासिर अहमद नाइक पुत्र अत्ता मोहम्मद नाइक को जरूरी सामान निकालने का भी समय नहीं मिला। आग में सर्दियों के लिए जमा किया गया राशन भी राख हो गया।
दूरस्थ क्षेत्र होने और सड़क संपर्क न होने के कारण दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंच सके। इस कारण कूट और उरका गांवों के लोगों, विशेष रूप से महिलाओं ने बर्तनों में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास किया। मगर वे सफल नहीं हो सकीं। खारी पुलिस की टीम व त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) के कर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। बनिहाल से अग्निशमन विभाग के कर्मी भी घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन सड़क न होने के कारण गाड़ियां बीच रास्ते में रोक दी गईं। घटना में किसी प्रकार की जानी हानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।