रामनगर में मकान में लगी आग और आग लगने के बाद क्षतिग्रस्त हुआ मकान
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर/रामनगर। धंधाल पंचायत में शनिवार देर रात को रहस्यमय परिस्थितियों में दीवान चंद पुत्र बसंत राम का कच्चा मकान जलकर राख हो गया। मौके पर दमकल विभाग ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक अंदर रखा सारा सामान जल चुका था।
जानकारी के मुताबिक दीवान चंद पेशे से चालक है। वह शनिवार की रात को घर से बाहर था। उसकी मां, पत्नी और बच्चे अपने दूसरे घर थे। रात को मवेशियों के चिल्लाने पर जब घर के सदस्य मवेशियों को देखने के लिए बाहर आए तो देखा कि कच्चा मकान आग की चपेट में आ चुका था। शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। परंतु, आग इतनी ज्यादा फैल चुकी थी कि उस पर काबू पाना संभव नहीं हुआ।
लोगों ने इसके बारे में दमकल विभाग को सूचित किया। तब दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, और कर्मचारियों ने घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाया। लेकिन, तब तक मकान पूरी तरह जल चुका था। परिवार के सदस्यों के अनुसार उन्हें आग लगने के कारणों का कोई अंदाजा नहीं है।