जम्मू से उधमपुर की तरफ आ रही बस के इंजन में मंगलवार को अचानक आग लग गई। यह देखकर बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। लोग फटाफट नीचे उतर गए।
ड्राइवर ने उसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया। बताया जा रहा है कि इंजन में आग शार्ट सर्किट के कारण आग लगी। हाईवे पर मोर्चे पर तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (केरिपु बल) के जवानों ने आनन-फानन में आग पर काबू पाकर बड़ा हादसा होने से बचा दिया।
जानकारी के अनुसार बस नंबर जेके02एएस-9871 जम्मू से उधमपुर की तरफ आ रही थी। उसमें करीब पचास यात्री सवार थे। अचानक शार्ट सर्किट की वजह से इंजन में आग लग गई। तेज धुआं उठने लगा।
यह देखकर जवानों ने बड़ी सतर्कता के साथ बस में सवार 50 यात्रियाें को सुरक्षित बाहर उतार कर बस को आग से तबाह होने से बचाया। राहत कार्य के दौरान बस को बीच हाईवे से हटाकर रोड के साइड पर खड़ा किया।
इस काम के लिए मुकेश कुमार कमांडेंट ने जवानों द्वारा त्वरित कार्रवाई करने पर प्रशंसा जाहिर की। इस दौरान हाईवे पर जाम भी लगा और लोगों ने अपनी गाड़ियां रोक दीं। सीआरपीएफ के आग बुझाने के बाद दमकल विभाग की गाड़ी पहुंची। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस ने बस में दुर्घटना के कारण आग लगने का मामला दर्ज किया है।