कटड़ा। धर्मनगरी में साफ सुथरा रखने के लिए प्रशासन सख्त हो गया है। इस संबंध में मंगलवार रात को धर्मनगरी में खुले में कचरा फेंकने वालों पर कार्रवाई करते हुए 53 सौ रुपये जुर्माना वसूला है।
जानकारी के अनुसार एसडीएम अभिषेक शर्मा के आदेश पर सीईओ नगर पालिका प्रीति शर्मा सहित नपा अध्यक्ष विमल इंदु के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया है। टीमें की ओर से कस्बे में खुले में कचरा फेंकने वालों पर नजर रखी जा रही है। मंगलवार रात को टीमों ने विभिन्न मार्गों पर अभियान चलाकर खुले में कचरा फेंकने वाले दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी वालों पर कार्रवाई कर 53 सौ रुपये जुर्माना वसूला है।
गौरतलब रहे कि कस्बे को साफ सुथरा रखने के लिए नगर पालिका की ओर से लगातार अनाउंसमेंट कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। टीमों का नेतृत्व कर रहे सेनेटरी इंस्पेक्टर नितिन शर्मा और टैक्स इंस्पेक्टर संजीव खजूरिया ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से नगर पालिका के वाहन में ही कूड़ा-कचरा डालने की हिदायत दी है। वहीं, खुले में कचरा फेंकने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।