आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और कीमतों की समीक्षा की, उल्लंघन पर जुर्माना तय
किश्तवाड़। आगामी ईद-उल-फितर, नवरात्र और रामनवमी के त्योहारों के मद्देनजर प्रशासन अलर्ट है। शुक्रवार को आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की गई। साथ ही बाजारों पर कड़ी नजर रखने के लिए टीमें गठित की गईं। निर्धारित कीमतों से अधिक वसूली पर जुर्माना होगा।
उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा ने जनता को आश्वस्त किया है कि जिले में पेट्रोलियम उत्पादों, एलपीजी गैस और अन्य जरूरी वस्तुओं का पर्याप्त भंडार मौजूद है। उन्होंने जानकारी दी कि पूरे जिले में आपूर्ति की स्थिति पूरी तरह स्थिर बनी हुई है। प्रशासन तेल विपणन कंपनियों और एलपीजी वितरकों के साथ निरंतर समन्वय में है ताकि किसी भी प्रकार की रुकावट न आए। भंडार की स्थिति पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। टीमों की ओर से बाजारों में औचक निरीक्षण किया जा रहा है। जमाखोरी, कालाबाजारी या कृत्रिम कमी पैदा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।