उधमपुर। उपराज्यपाल के आश्वासन के बावजूद कर्मचारियों की मांगों को पूरा नहीं किया जा रहा है, जिससे कर्मियों की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। इसलिए उपराज्यपाल जल्द मामले में हस्तक्षेप करें। यह अपील इंप्लाइज एंड वर्कर एसोसिएशन की बैठक में कर्मचारियों ने उठाई है। वहीं, कदम नहीं उठाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
इंप्लाइज एंड वर्कर एसोसिएशन की बैठक शुक्रवार को जिला प्रधान एवं नेशनल पैंथर्स पार्टी ट्रेड यूनियन के प्रदेश उप प्रधान सोमनाथ खजूरिया की अध्यक्षता में हुई। उन्होेंने कहा कि लंबित मांगे पूरी नहीं होने से कर्मचारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विभाग और सरकार की ओर से बकाया वेतन का भुगतान, नियमितीकरण नीति व न्यूनतम मानेदय निर्धारित नहीं करने जैसी समस्याओं को हल करने की बजाय अनेदखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल के आश्वासन के बाद भी मांगों को पूरा नहीं किया गया है। उन्होंने उपराज्यपाल जल्द मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द मांगे पूरी नहीं हुईं तो उग्र आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएंगे। इस मौके पर सूरज प्रकाश, दिनेश केसर, मक्खन चंद, कृष्ण चंद आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।