उधमपुर। जम्मू कश्मीर एक्स सर्विसमैन लीग की उधमपुर इकाई की ओर से रविवार को नगर के एक निजी होटल में भूतपूर्व सैनिकों और वीर नारियों को सम्मानित करने के लिए एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें बडी संख्या में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिजनों ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर जम्मू कश्मीर एक्स सर्विसमैन लीग के राज्य प्रधान लेफ्टिनेंट जनरल आरके शर्मा (एवीएसएम, एसएम) मुख्यातिथि और कर्नल राजिंद्र सिंह सम्मानित अतिथि थे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यातिथि ने सभी पूर्व सैनिकों और वीर नारियों का हालचाल पूछा और उन्हें पेश आ रहीं समस्याओं का उचित समाधान करवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद उन्होंने वीर नारियों को शाल भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में सभी तहसील व ब्लॉक प्रधानों ने अपनी-अपनी तहसील और ब्लॉक में पेश आ रहीं समस्याओं से राज्य प्रधान को अवगत करवाया। इनमें उन्होंने मुख्य रूप से रोजगार, एसीएचएस, सीएसडी, जेएसडी और गन लाइसेंस जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा के उच्च अधिकरियों ने भी मुख्य रूप से भाग लिया और उन्होंने पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को बैंक ऑफ बड़ौदा की तरफ से दी जा रहीं सुविधाओं की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व सैनिकों को दिए जा रहे रोजगार के बारे में भी बताया।
बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक राहुल शर्मा, वरिष्ठ शाखा प्रबंधक गुरप्रीत सिंह और शाखा प्रबंधक हरसिमरन कौर ने बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से 20 वीर नारियों को शाल प्रदान कर सम्मानित किया।
वहीं कार्यक्रम में शामिल डीपीडीओ ने ‘स्पर्श’ योजना के बारे में प्रतिभागियों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डीपीडीओ हमेशा भूतपूर्व सैनिकों और वीर नारियों की सेवा के लिए तत्पर है, इसलिए किसी भी संबंधित समस्या के लिए विभाग अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। इसमें चाहे स्पर्श से संबंधित कोई समस्या हो अथवा जीवन प्रमाणपत्र प्राप्त करने में कोई कठिनाई पेश आ रही हो। इसके बाद कोविड-19 के दौरान सराहनीय कार्य करने के लिए भूतपूर्व सैनिक लीग की तरफ से डीपीडीओ और भूतपूर्व सैनिकों के हितों के लिए आवाज उठाने के लिए वरिष्ठ नागरिक क्लब के प्रधान और एडवोकेट संजीव बवोरियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।
संघ के जिला प्रधान दलबीर सिंह ने कहा कि उन्हें संघ के राज्य प्रधान से काफी अपेक्षाएं व आशाएं हैं। इसके मद्देनजर पूर्व सैनिकों व वीर नारियों की समस्याओं को समाधान के लिए बार-बार उनके समक्ष उठाया जाता है। उन्होंने सरकार और एलजी प्रशासन से भी अपील की कि पूर्व सैनिकों को पेश आने वाली समस्याओं के समधान के लिए उचित कदम उठाएं जाएं। अंत में मुख्यातिथि ने आश्वस्त किया कि उनके समक्ष उठाई गईं पूर्व सैनिकों व वीर नारियों की समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न मंचों के माध्यम से सरकार के समक्ष उठाएंगे ताकि उनका जल्द समाधान हो पाए।