सीईओ श्राइन बोर्ड को ज्ञापन सौंपते हितधारक व पूूर्व मंत्री ।
- पूर्व मंत्री जुगल किशोर की अध्यक्षता में स्थानीय लोगों ने श्राइन बोर्ड के सीईओ को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। स्थानीय लोगों ने बुधवार को पूर्व मंत्री जुगल किशोर की अध्यक्षता में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अंशुल गर्ग को एक ज्ञापन सौंपा जिसमें महत्वपूर्ण सुझाव शामिल हैं।
इसमें माता वैष्णो देवी जी को प्रतिदिन रात्रि में 4-5 घंटे का विश्राम देने की परंपरा आरंभ करने का अनुरोध किया गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि जैसे भारत के अन्य प्रमुख मंदिरों जैसे श्री जगन्नाथ मंदिर पुरी, तिरुपति बालाजी मंदिर और सिद्धिविनायक मंदिर मुंबई में प्रतिदिन देवताओं को विश्राम का समय दिया जाता है, वैसे ही माता वैष्णो देवी के लिए भी यह परंपरा शुरू की जाए। इससे न केवल धार्मिक मर्यादा बनी रहेगी बल्कि दर्शन व्यवस्था भी अधिक सुव्यवस्थित होगी। साथ ही श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ाने के लिए पुरानी गुफा खोली जाए।
ज्ञापन में बाणगंगा क्षेत्र में बढ़ते यातायात को ध्यान में रखते हुए देवी पार्क से आर्मी रोड तक एक नया मार्ग बनाने की मांग की गई है। नए रास्ते से स्थानीय वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग मिलेगा जिससे ट्रैफिक में काफी कमी आएगी। साथ ही श्रद्धालु अगर त्रिकुटा पर्वत की परिक्रमा पर जाना चाहते हों श्राइन बोर्ड इसका इंतजाम करें। इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करने और आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया गया है। इस दौरान वरुण मगोतरा, अनिल दुबे, कुशल सन्मोत्रा, गोपाल पादा, सुरिंदर भगत, वरिंदर केसर, भारत भूषण आदि लोग मौजूद थे।