जिला प्रशासन की एक टीम ने मंगलवार को नगर के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा गंडाला के सरकारी स्कूल में दौरा किया और टूटी हुई दीवार के जल्द निर्माण के आदेश दिए। प्रशासन ने नगर के आसपास क्षेत्र और हाईवे पर किए गए अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ जल्द कार्रवाई के संकेत भी दिए।
डीसी उधमपुर डॉ. शाहिद इकबाल चौधरी के आदेश पर तहसीलदार उधमपुर, सपना कोतवाल, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन राजेश गुप्ता, नगर परिषद के मुख्य अधिकारी केके चलोत्रा की टीम ने उधमपुर से गंडाला तक क्षेत्र का दौरा किया। क्षेत्र में हुए अतिक्रमण का निरीक्षण किया। नालों और खड्ड पर बने निर्माण को देखा और मौके पर उसे हटाने के आदेश दिए।
अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ डीसी ने जुर्माना करने के भी आदेश दिए। इसके अलावा टीम ने क्षेत्र के स्कूल का भी दौरा भी किया। स्कूल की टूटी हुई इमारत का निरीक्षण किया और बच्चों से भी बात की। स्कूल में शिक्षा को लेकर अध्यापकों के साथ चर्चा की गई।
टीम ने नगर के बीच मार्केट में अवैध पार्किंग का निरीक्षण किया और गाड़ियों को हटाने के आदेश दिए। सड़क किनारे खंभे लगाने और पौधे लगाने का फैसला किया गया। डीसी ने राजस्व, पीडब्ल्यूडी, लोकल बाडीज और नगर परिषद को कहा कि वह नगर के भीतर और बाहरी क्षेत्र, शिव नगर, संबल तिरछी और गंडाला की सड़क की मरम्मत कराए।
इन क्षेत्रों से जल्द अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू करें। तहसीलदार सपना कोतवाल ने कहा कि अतिक्रमणकारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई होगी। एक दुकान को भी तोड़ा गया जो अवैध तरीके से बनी हुई थी। शहरी को खूूबसूरत बनाने के लिए कुछ योजनाएं भी तैयार की गई हैं।