उधमपुर। रठियान में हाईवे की जमीन पर बनाए गए अवैध ढांचे को गिराती हाईवे ऑथारिटी की जेसीबी। संवाद
- फोटो : udhampur photo
हाईवे पर अतिक्रमण विरोधी अभियान जारी
हाईवे अथॉरिटी की टीम ने दो दिन में हटाए 15 अवैध कब्जे
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम का अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। दूसरे दिन शहर के साथ लगते रठियान और फंग्याल इलाके में हाईवे की जमीन पर कब्जा करके बनाए गए खोखों (टीन के अस्थायी ढांचे ) को हटाया गया।
इससे पहले सोमवार को बट्टल बालियां में अभियान चलाकर अवैध कब्जों को हटाया गया था। दो दिन में अब तक 15 अवैध ढांचे गिराकर नेशनल हाईवे आथाॅरिटी ने जमीन को कब्जा मुक्त कराया है। अधिकारियों के मुताबिक इसको लेकर अतिक्रमण करने वालों को पहले से ही चेतावनी दी थी और आग्रह किया गया था कि हाईवे की जमीन पर किए अवैध कब्जों को स्वयं हटा लें। इनमें से कुछ ने हाईवे अथाॅरिटी की बात को मान लिया, लेकिन कुछ बार-बार अपील के बाद भी कब्जा नहीं हटा रहे थे। अतिक्रमण के खिलाफ राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण का अभियान अभी कुछ दिन और चलेगा।
चेतावनी के बावजूद नहीं हटाए कब्जे, मजबूरन करनी पड़ी कार्रवाई : अशोक कुमार गुप्ता
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के भूमि अधिग्रहण अधिकारी अशोक कुमार गुप्ता का कहना है कि जो अवैध ढांचे हटाएं जा रहे हैं उनको काफी से बार-बार कब्जा हटाने को कहा गया था। मगर इसके बाद भी यह लोग कब्जा हटाने को तैयार नहीं थे। अब मजबूरन उन्हें यह अभियान चलाना पड़ा है। अगले दो दिन तक इस अभियान को जारी रखा जाएगा और इसमें जखैनी तक दर्जन भर अवैध ढांचे गिराए जाएंगे। राजमार्ग प्राधिकरण की फिर यही अपील है कि किसी भी तरह का अवैध कब्जा अथवा अतिक्रमण बिल्कुल भी न करें। लोगों से अपील है कि मेहनत से कमाई जमा पूंजी को ऐसी जगह पर बिल्कुल भी निवेश न करें, जहां बाद में पछताना पड़े।
रिपोर्ट-विजय कुमार