उधमपुर। जिले के दूरदराज और पहाड़ी क्षेत्राें में पेड़ों से बांधी गई बिजली की तारों के अलावा कई क्षेत्रों में सिंगल फेस बिजली की समस्या का अब समाधान हो जाएगा। इसके लिए नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन से 194 करोड़ की परियोजना को मंजूरी मिल गई है।
अब विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया को पूरा करने के लिए तैयारियां चल रही हैं ताकि जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू करवाया जा सके। गौरतलब है कि इस परियोजना से जिले के रामनगर, बसंतगढ़, पंचैरी, मौंगरी और लांदर सहित अन्य कई दूरदराज के पहाड़ी क्षेत्रों में लोगों को आ रही बिजली की समस्या से निजात मिलेगी। अभी तक विभाग की ओर से जिले के कई पहाड़ी क्षेत्रों में लोगों के घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए पेड़ों से बांधकर बिजली की सप्लाई की जा रही है। इसके चलते आए दिन ग्रामीणों को बिजली की समस्या से दो चार होना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, पेड़ों से बांधी गई तारों के चलते कई मवेशी करंट लगने से अपनी जान गंवा चुके हैं तो कई घायल हो गए हैं। इसी के चलते विभाग की ओर से एक साल पहले यह परियोजना तैयार कर सरकार को भेजी गई थी। इस परियोजना के तहत एक माह में ही काम होने की संभावना है।
ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए जाएंगे नए खंभे और ट्रांसफार्मर
विभाग की ओर से इस योजना के तहत जिले के दूरदराज व पहाड़ी क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर और पुराने तारें बदलना, नए खंभे लगाना, 100 वाट की क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने और नए ट्रांसफार्मर लगाने का काम किया जाएगा। दूरदराज के क्षेत्रों में 15 हजार के करीब खंभे लगाने के साथ ही करीब 250 ट्रांसफार्मरों को भी बदला जाएगा।
पेड़ों से बंधे तार दे रहे हादसों को न्योता
अभी भी जिले लाड़, सत्यालता और पंचैरी सहित कई पहाड़ी क्षेत्रों में बिजली के तार पेड़ों से बंधे हैं। इस कारण हवा चलने पर बिजली की आपूर्ति बाधित होती है। कई क्षेत्रों में लटक रहे तार हादसों को न्योता दे रहे हैं। यही हाल घोरड़ी ब्लॉक में पड़ते सत्यालता, सेर मंजा, सेर बाला, लाड़, और डुडू-बसंतगढ़ व तहसील पंचैरी में पड़ते कुछ क्षेत्रों का है। नई परियाेजना के तहत पेड़ों से बंधे तारों को खंभों में स्थानांतरित किया जाएगा।
जिले के ग्रामीण व पहाड़ी क्षेत्रों में नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन की ओर से 194 करोड़ की लागत से पुरानी तारों को बदलने के साथ ही नई तारें, खंभे और ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इसके लिए जल्द ही कॉरपोरेशन की ओर से टेंडर प्रक्रिया को पूरा कर निर्माण कार्य को शुरू करवा दिया जाएगा।
-सुनील पंडोह, एक्सईएन, बिजली विभाग, उधमपुर