रामनगर में नगर पालिका चेयरमैन का चुनाव जीतने वाली बंती देवी
- फोटो : UDHAMPUR
रामनगर। रामनगर के वार्ड 1 की भाजपा पार्षद बैंती देवी नगर पालिका रामनगर की नई अध्यक्ष चुनी गई हैं। वह सभी 13 में से आठ वोट हासिल कर विजेता बनीं।
गौरतलब है कि बीते दिनों पूर्व अध्यक्ष पर आरोप लगाते हुए पार्षदों ने उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर पद से हटा दिया था। जिसके बाद नए अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई। बीते शनिवार को नामांकन भरने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी। जिसके आधार पर मंगलवार को नगर पालिका कार्यालय में ईओ अनीश गंडोत्रा की देखरेख में चुनाव संपन्न कराए गए।
इसमें सभी 13 पार्षदों में से पांच ने पैंथर्स पार्टी के रमेश कुमार के पक्ष में और आठ ने भाजपा की बैंती देवी के पक्ष में मतदान किया। जिसके आधार पर रिटर्निंग ऑफिसर ने मतदान के नतीजे घोषित किए। इसमें बैंती देवी को तीन मतों के अंतर से निर्वाचित घोषित किया गया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं रामनगर के पूर्व विधायक रणवीर सिंह पठानिया ने बैंती देवी को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि यह एक अलग भाजपा के समावेशी दृष्टिकोण का एक उत्कृष्ट उदाहरण है कि एससी समुदाय की एक महिला रामनगर नगर समिति के मामलों की अध्यक्षता करेगी। वहीं, बैंती देवी के अध्यक्ष बनने की खुशी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी और ढोल नगाड़े बजाकर जश्न मनाया।
रामनगर में नगर पालिका चेयरमैन का चुनाव जीतने वाली बंती देवी- फोटो : UDHAMPUR