उधमपुर। एसोसिएटेड चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के चुनाव का आयोजन 25 जनवरी को सैला तालाब स्थित होटल में होगा। चुनाव के नामांकन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। चैंबर के पूर्व अध्यक्ष शाम स्वरूप कल्सोत्रा अध्यक्ष और सुभाष चंद्र गुप्ता वरिष्ठ उपाध्यक्ष निर्विरोध चुने जा चुके हैं। चुुनाव केवल उपाध्यक्ष, महासचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए होगा। चुनाव की प्रक्रिया सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे तक चलेगी।
चैंबर आफ कामर्स के चुनाव का आयोजन अप्रैल 2020 में होना था। लेकिन कोरोना संकट के कारण चुनाव को टालना पड़ा। कोरोना संकट के बीच हालात में थोड़ा सुधार होने के बाद दिसंबर में चुनाव को लेकर प्रयास शुरू किए गए। इसके लिए बैठक का आयोजन कर चुनाव की तारीख 25 जनवरी निर्धारित की गई। इसके लिए चुनाव समिति का गठन किया गया और उमेश महाजन को चेयरमैन और माम चंद मित्तल और प्रवीण रैना को सदस्य बनाया गया है। यह समिति 25 जनवरी की सुबह से दोपहर तीन बजे चुनाव की प्रक्रिया का काम पूरा करेगी।
चैंबर आफ कामर्स में करीब 300 सदस्य है। लेकिन इसमें सभी लोग मतदान नहीं कर सकेंगे। जिन लोगों ने सदस्यता की फीस का बकाया जमा करवाया होगा, उसको ही मतदान करने का अधिकार मिलेगा। मतदान से एक दिन पहले तक सदस्य शुल्क जमा करवा सकते हैं। अधिसूचना जारी होने के बाद शाम स्वरूप कल्सोत्रा को अध्यक्ष और सुभाष चंद्र गुप्ता को वरिष्ठ उपाध्यक्ष निर्विरोध चुना जा चुका है।
यह प्रत्याशी हैं मैदान में
उपाध्यक्ष पद के लिए मोहन शर्मा और राजेश कुमार मैदान में उतरे हुए हैं। महासचिव पद के लिए विक्रम सलाथिया और नीरज गुप्ता के बीच टक्कर होगी। संयुक्त सचिव पद के लिए सतपाल सल्लन और संजीव सिंह के बीच मुकाबला होने जा रहा है। कोषाध्यक्ष पद के लिए संजय भूषण और संदीप कुमार ने नामांकन भरा है।