उधमपुर। शहर के कल्लर इलाके में रविवार रात को संदिग्ध परिस्थितियों में दुकान के अंदर से दुकानदार का शव बरामद हुआ है। स्थानीय निवासियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जानकारी अनुसार देर रात को कुछ लोगों ने दुकान को खुला हुआ देखा। कुछ लोग दुकान के अंदर पहुंचे तो दुकानदार रंजीत सिंह निवासी चनुनता मौजूदा समय में कल्लर को अचेत अवस्था में पड़ा था। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और व्यक्ति को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने मृत लाया घोषित कर दिया। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवार के हवाले कर दिया। पुलिस ने संदिग्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।