उधमपुर। पठ्ठी पंगारा, कैंथगली और जसरकोट क्षेत्र में हायर सेकेंडरी स्कूल न होने की वजह से बच्चे परेशान हैं। अब इन क्षेत्रों में हायर सेकेंडरी स्कूल बनाने को लेकर सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है।
इन सभी क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों को पढ़ने के लिए क्रिमची स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल आना पड़ रहा है। हालांकि कैंथगली के साथ लगते पंचैरी में हायर सेकेंडरी स्कूल है लेकिन उसमें बच्चों की संख्या अधिक है। इस कारण अन्य क्षेत्रों के बच्चों को मजबूरन क्रिमची हायर सेकेंडरी स्कूल में आकर दाखिला लेना पड़ रहा है। स्थानीय लोग क्षेत्र में होने वाली बैक टू विलेज के अलावा अन्य प्रशासनिक बैठकों में क्षेत्र में हायर सेकेंडरी स्कूल बनाने की गुहार लगा चुके हैं लेकिन अभी तक न तो इन क्षेत्रों में हायर सेकेंडरी स्कूल बनाया जा सका और न ही क्षेत्र में स्थित हाईस्कूल को अपग्रेड कर हायर सेकेंडरी स्कूल बनाया गया है। लोगों ने एक बार फिर से शिक्षा विभाग व सरकार से इन क्षेत्रों में हायर सेकेंडरी स्कूल खोलने की मांग की है।
इस संदर्भ में सीईओ कमल किशोर बडयाल ने बताया कि इसी वर्ष इन क्षेत्रों में हायर सेकेंडरी स्कूल बनाने को लेकर प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेज दिया गया है। सरकार की ओर से मंजूरी मिलते ही क्षेत्र में हायर सेकेंडरी स्कूल बना दिया जाएगा। इससे बच्चों को आ रही परेशानियों से निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि पिछले काफी सालों से सरकार की ओर से अपग्रेडशन को बंद किया गया है। इसके चलते क्षेत्र में स्थित हाईस्कूल को अपग्रेड कर हायर सेकेंडरी स्कूल नहीं बनाया जा सका है।