उधमपुर। एक ओर जहां जिला प्रशासन लोगों को वर्षा जल संचयन और संरक्षण के लिए प्रेरित कर रहा है वहीं जलशक्ति विभाग की लापरवाही के कारण जिले में कई स्थानों पर लीकेज से रोजाना सैकड़ों लीटर पानी बरबाद हो रहा है।
नगर की हाउसिंग कॉलोनी, वार्ड 19 और मुख्य बाजार सहित कई क्षेत्रों में रोजाना जलशक्ति विभाग की पाइपों से लीकेज की वजह से सैकड़ों लीटर पानी सड़कों और नालियों में बह जाता है। लेकिन जलशक्ति विभाग लीकेज को रोकने के लिए कोई भी कदम नहीं उठा रहा है। गौरतलब है कि पेयजल की कमी को दूर करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से कई प्रकार के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। साथ ही लोगों को वर्षा जल संचयन करने और जल संरक्षण के लिए जागरूक किया जा रहा है। यह चिंताजनक है। प्रशासन और संबधित विभाग को जल्द इसकी रोकथाम के लिए उचित कदम उठाने की जरूरत है।