-वार्ड नंबर 3 और 4 में घरों से जमा किया गया कूड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। टेंडर जारी होने के दो सप्ताह के बाद दिल्ली की कंपनी ने शहर में घर-घर से कूड़ा उठाना शुरू कर दिया है। पहले दिन शहर के वार्ड नंबर 3 और 4 से कूड़ा उठाया गया है। इनको कूड़ा उठाने के लिए नगर परिषद की तरफ से पहले दिन 4 वाहन उपलब्ध करवाए गए हैं। करीब डेढ़ वर्ष के बाद शहर में कूड़ा उठाने के लिए वाहनों के घरों में पहुंचने पर शहरवासियों ने भी राहत की सांस ली। शहरवासियों का कहना है कि उम्मीद है कि अब यह योजना बिना किसी रुकावट के इसी तरह से चलती रहेगी।
करीब डेढ़ वर्ष पहले नगर परिषद ने घर-घर से कूड़ा उठाने की योजना का टेंडर रद्द कर दिया था और इसके बाद शहर में घरों से कूड़ा उठना बंद हो गया था। योजना के बंद होने के बाद शहर में सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हो गई। गंदगी को शहर से बाहर फेंकने की स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण नगर परिषद ने इसके लिए नया टेंडर जारी करने की तरफ भी प्रयास नहीं किया। सुई में जमा में 22 हजार टन कूूड़े के निस्तारण और मांड वेस्ट में शहर की गंदगी फेंकने का काम शुरू होने पर डायरेक्टर लोकल बाडी जम्मू ने इसके लिए टेंडर जारी किया। करीब दो सप्ताह पहले दिल्ली की एक कंपनी को इसका टेंडर जारी किया। कागजी प्रक्रिया के बीच ही डीसी ने कंपनी को काम शुरू करने की अनुमति दी। एग्रीमेंट साइन नहीं होने के कारण काम शुरू नहीं किया गया। लेकिन शुक्रवार को अचानक से कुछ वाहन शहर के वार्ड नंबर 3 और 4 में पहुंचे और कर्मचारी आवाज देकर घरों से कूड़ा बाहर लाने को कहने लगे। शहरवासी समझ गए कि योजना शुरू हो गई है और कूड़ेदान लेकर बाहर निकले और वाहनों में डाला गया। योजना के शुरू होने पर शहरवासियों ने राहत की सांस ली है।
इनसेट
गीला और सूखा कूड़ा अलग अलग किया जा रहा जमा
वाहन में गीला और सूखा कूड़ा अलग अलग जमा किया जा रहा है। गीला कूड़ा हरे बॉक्स में और सूखा कूड़ा नीले बॉक्स में जमा किया जा रहा है। वाहन में इसके लिए अलग अलग व्यवस्था की गई है। इससे कूड़े का निस्तारण करने में आसानी होगी।
इनसेट
मांड वेस्ट में नहीं फेंका जाएगा कूड़ा
जब पूरे शहर में घरों से कूड़ा उठना शुरू हो जाएगा तो कंपनी के कर्मचारी सारी गंदगी को सुई लेकर जाएंगे और निस्तारण का काम भी करेंगे। शहर से हर रोज निकलने वाले 25 टन कूड़े को शहर से करीब 35 किलोमीटर दूर मांड वेस्ट में नहीं ले जाना पड़ेगा। इससे नगर परिषद को भी बड़ी राहत मिलने वाली है।
-
घर घर से कूड़ा उठाने की योजना को शुरू करने की नगर परिषद ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। एग्रीमेंट तैयार है और इसको कोर्ट में साइन किया जाना है। शहर कुछ इलाकों में इसको शुरू कर दिया गया है और अगले कुछ दिनों में पूरे शहर में घर घर से कूड़ा उठने लगेगा।
डा. जोगेश्वर गुप्ता, नगर परिषद चेयरमैन