उधमपुर। जिले में अब हर रोज डेंगू के मामले सामने आने लगे हैं। शुक्रवार को कुल 6 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ डेंगू के कुल मामले 33 हो गए हैं।
जिले में डेंगू का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। मामले बढ़ने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की मलेरिया टीमों ने शहर के अंदर जागरूकता अभियान भी तेज कर दिया है। शुक्रवार को मलेरिया टीमों ने शहर के विभिन्न हिस्सों में जाकर लोगों को जागरूक किया।
पिछले वर्ष जिले में डेंगू ने बहुत कहर बरसाया था। दो महीने के अंदर ही रिकार्ड 539 डेंगू के मामले सामने आ गए थे। इससे स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हुए थे। स्वास्थ्य विभाग ने इस वर्ष पहले ही जागरूकता अभियान शुरू कर दिया था। इस बार सितंबर महीने के पहले सप्ताह में तो अधिक मामले सामने नहीं आए, लेकिन दूसरा सप्ताह शुरू होते ही मामलों की संख्या में बहुत अधिक बढ़ोतरी होना शुरू हो गई है। बुधवार और वीरवार को जिले में 7-7 डेंगू के मामले सामने आए थे और शुक्रवार को दूसरे दिन 6 नए डेंगू के मामले सामने आए हैं। तीन दिन के अंदर ही जिले में कुल 20 डेंगू के मामले सामने आ गए हैं। मामले बढ़ने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी बढ़ती जा रही है।
शुक्रवार को मलेरिया टीमों ने शहर के वार्ड नंबर 3, 16 और सैला तालाब में जाकर सर्वे किया और लोगों को डेंगू से बचने के उपाए बताए। टीमों को ज्यादातर घरों में ड्रम सहित कई चीजों में साफ पानी जमा पाया और इनमें डेंगू के मच्छर पनपने लगे थे। टीमों ने उसी समय पानी को नष्ट किया।