डोडा जिले के शिव इलाके में सोमवार को शादी की खुशी मातम में बदल गई। बारात लेकर वापस लौट रहे काफिले में शामिल एक वाहन खाई में जा गिरा और इसमें चार बारातियों की मौत हो गई। इनमें एक परिवार की दंपती थे और दूसरे परिवार के मां व बेटा शामिल हैं। इसके साथ ही दूसरे हादसे में दो लोगों की मौत हो गई।
सोमवार तड़के शिव डोडा से बारात भद्रवाह के लिए निकली और बारात में शामिल वाहनों का काफिला भद्रवाह के गलगंदर इलाके में पहुंचा तो आल्टो कार (जेके02एए-6186) चालक के नियंत्रण खोने पर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में सत्या देवी पत्नी नसीब सिंह, उनके बेटे विक्रम सिंह व लेख राज और उनकी पत्नी सतीशा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। यह चारों दूल्हे के ही रिश्तेदार थे। जबकि नसीब सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
नसीब सिंह का उपचार जीएमसी जम्मू में चल रहा है। जब इसके बारे में दूल्हे के घर में पता चला तो शादी की खुशी मातम में बदल गई। पूरे मोहल्ले में मातम जैसे माहौल बन गया। जिस घर में शादी के ढोल नगाड़े बच रहे थे वहां पर वीरानी छा गई। शादी के बाद दूल्हा बिना जश्न मनाए दुल्हन को लेकर घर पहुंच गया है और शादी के बाद होने वाले रिसेप्शन को भी स्थगित कर दिया गया है। किसी को यकीन नहीं हो रहा था कि बारात लेकर वापस लौट रहे मां-बेटे और दंपती की मौत हो चुकी है। मंगलवार को पुल डोडा में नम आंखों के साथ मां व बेटे का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। नसीब सिंह गंभीर रूप से घायल होने के कारण अपनी पत्नी और बेटे के अंतिम संस्कार में भी हिस्सा नहीं ले सका।
वहीं, दूसरी दुर्घटना में मुगल मार्केट पर्नु सेक्टर भल्ला में हुई जहां चालक के नियंत्रण खोने पर कार नंबर (जेके14ई-0630) नीरू नदी में जा गिरी। भलारा भद्रवाह के सज्जाद अहमद की मौके पर ही मौत हो गई और पीयूष मन्हास पुत्र आर कुमार निवासी हिम्मत भद्रवाह घायल हो गया। इसके साथ चालक रविंदर कुमार नीरू नदी में लापता हो गया। हालांकि बाद में उसका शव बरामद हो गया।