गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने देसा रोड स्थित एक कमरे में छापेमारी कर चार सौ ग्राम हेरोइन के साथ एक डॉक्टर समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए डॉक्टर की पोस्टिंग वर्तमान में कास्तीगढ़ गुरमुल पीएचसी में है।
एसएसपी जाहिद नसीम मन्हास ने बताया कि किश्तवाड़ जिले का रहने वाला यूनानी चिकित्सा पद्धति का डॉक्टर इखलाक हुसैन ने डोडा जिले के कास्तीगढ़ क्षेत्र में शादी की है।
कास्तीगढ़ के गुरमुल पीएचसी में ही वह तैनात भी है, लेकिन ज्यादातर वह डोडा में रहता है। लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि यह डॉक्टर खुद तो हेरोइन का इस्तेमाल करता ही है, वह इसका कारोबार भी करता है
इस सूचना के आधार पर डॉक्टर पर लंबे समय से नजर था। वीरवार की शाम को देसा रोड स्थित डॉ. इखलाक के कमरे पर छबा गोलिया (काहरा) निवासी एक शख्स मो. यासीन आया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने छापेमारी की।
इस दौरान उस कमरे से चार सौ ग्राम हेरोइन की एक पैकेट बरामद की गई। उस पर अफगानिस्तान की मोहर भी लगी है। मौके पर ही डॉक्टर और यासीन को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
छानबीन की जा रही है कि यह खेप कहां से आई और कहां भेजनी थी। बरामद हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक करोड़ के करीब आंकी जा रही है।
रामबन से 600 ग्राम चरस बरामद
रामबन। रामबन बस स्टैंड इलाके में पुलिस ने शुक्रवार की देर शाम एक व्यक्ति वीर सिंह निवासी चब्बा को संदिग्ध स्थिति में घूमते हुए पाया। उसे रोककर तलाशी ली गई तो उससे 600 ग्राम चरस बरामद की गई। उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में रामबन थाना में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।