किश्तवाड़। जिला मजिस्ट्रेट अशोक कुमार शर्मा ने शहर सहित छात्रू तहसील और पलमाड़ क्षेत्र का दौरा कर कोविड की रोकथाम के लिए किए गए प्रबंधों की समीक्षा की। इसके साथ ही कोविड केंद्रों में प्रदान की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
दौरे के दौरान उन्होंने रैंडम सैंपलिंग, परीक्षण, रेड जोन और कोरोना कर्फ्यू की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएमओ छात्रू और अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों को कैंप मोड में टीकाकरण अभियान चलाकर प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं, लोगों से घरों में रहा कर कोविड दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के लिए एसडीएम छात्रू को निर्देश दिए कि 17 मई तक कोरोना कर्फ्यू का उल्लंघन न हो। पीएचसी छात्रू का भी दौरा कर कर्मचारियों से टीकाकरण और परीक्षण ड्राइव की गति के बारे में जानकारी ली। इस मौके पर एसडीएम छात्रू इंद्रजीत सिंह परिहार, बीडीओ मुगल मैदान अरुण कुमार बड़याल, बीएमओ छात्रू डॉक्टर गुलाबीन आरा, थाना प्रभारी संदीप कुमार परिहार आदि मौजूद रहे।