- विजेता कुरुक्षेत्र में अंतर-राज्यीय कार्यक्रम में लेंगे हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। युवा सेवा एवं खेल निदेशालय, जम्मू-कश्मीर 23 से 27 जुलाई तक हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले अंतर-राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम में भाग लेने के लिए यूटी स्तर की टुकड़ी को तैयार कर रहा है।
जम्मू संभाग के जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि विभिन्न गतिविधियों के अनुसार अंतर-जिला (मंडल स्तर) में भाग लेने के लिए जिला स्तरीय दल तैयार करें और प्रतिभागियों की विस्तृत रिपोर्ट 10 जुलाई तक या उससे पहले अधोहस्ताक्षरी के कार्यालय में जमा करें ताकि 15 जुलाई से पहले प्रतियोगिता समाप्त हो सके। जिसके तहत उधमपुर जिले में खेल विभाग की ओर से एक सप्ताह के भीत्तर जिला स्तरीय समूह लोकगीत, समूह लोकनृत्य और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
इसमें समूह लोकगीत में 10, समूह लोकनृत्य में 10 और भाषण में तीन प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा, जिनकी आयु सीमा 15-29 वर्ष निर्धारित की गई है। प्रत्येक शैली से चयनित प्रतिभागी या समूह 20 जुलाई को अंतर डिवीजन (यूटी स्तर) प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
इसके बाद विजेता हरियाणा के कुरुक्षेत्र में अंतरराज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम में केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर का प्रतिनिधित्व करेंगे।