उधमपुर। इलेक्शन अथारिटी एसीआर विकार गिरी ने शुक्रवार को जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक कर चुनाव के संबंध में चर्चा की। इस दौरान बताया गया कि सात अप्रैल तक अपनी आपत्तियां दर्ज करवा दें और 16 को फाइनल मतदाता सूची को जारी कर दिया जाएगा। इसके साथ मई के पहले सप्ताह तक चुनाव होने की संभावना जताई है।
गौरतलब है कि मार्च महीने के दूसरे सप्ताह में जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव की तैयारियां शुरू की गई थीं। चुनाव के पहले चरण में मतदाता सूची को फाइनल करना है और इसके लिए करीब तीन सप्ताह से काम चल रहा है। मौजूदा समय में मतदाता सूची का काम अंतिम चरण में चल रहा है। तीन अप्रैल को इसकी फाइनल सूची को जारी करना था, लेकिन किसी कारण इसमें देरी हो गई। अब फाइनल सूची 16 अप्रैल को जारी होगी। कमेटी के सदस्य मतदाता सूची को लेकर अपनी आपत्तियां अब सात अप्रैल तक दर्ज करवा सकते हैं।
शुक्रवार को आयोजित बैठक में विकार गिरी ने कहा कि आपत्तियां दर्ज करवाने का काम जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि 16 अप्रैल को फाइनल लिस्ट जारी की जाए। जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने मतदाता सूची को लेकर इलेक्शन अथारिटी के सामने अपने सुझाव भी रखे। जिला गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी उधमपुर के संयुक्त सचिव गुरमीत सिंह जोश ने बताया कि प्रशासन की तरफ से चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। एसीआर ने बताया कि फाइनल मतदाता सूची जारी होने के कुछ दिन बाद चुनाव की तारीख का एलान कर दिया जाएगा। संभावना कि मई के पहले सप्ताह में चुनाव हो सकते हैं। इस मौके पर पूर्व प्रधान मंजीत सिंह काला, जोन सचिव सुरतीज सिंह, उजागर सिंह आदि मौजूद रहे।