उधमपुर। जिले में कोरोना संकट बढ़ने पर जिला प्रशासन ने बैंक के समय में बदलाव कर दिया है और इसके साथ बैंक के आसपास कोरोना टेस्टिंग सेंटर बनाकर लोगों के कोरोना टेस्ट करने के आदेश जारी किए हैं। बैंक के अंदर कई कामों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। जब तक संक्रमण में कमी नहीं होती है तब तक बैंकों ऐसे ही काम चलेगा।
जिला मजिस्ट्रेट इंदु कंवल चिब ने मंगलवार को बैंक व स्वास्थ्य विभाग के अधिकरियों के साथ बैठक कर मौजूदा हालात पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने कई आदेश जारी किए। उन्होंने कहा कि शहर व साथ लगते बैंकों के आसपास टेस्टिंग सेंटर स्थापित किए जाए, ताकि इनमें बैंक कर्मचारियों के साथ बैंक पहुंचने वाले लोगों के कोरोना टेस्ट किए जाए। विशेष तौर पर यह सेंटर धार रोड के किनारे और रैंबल गढ़ी में पुराने राजमार्ग के किनारे पर बनाएं।
ज्यादातर बैंक इन्हीं स्थानों पर हैं। बैंकों में 26 मई तक पासबुक प्रिंटिंग और एफडी को रिन्यू करने का काम स्थगित कर दिया जाए। बैंकिंग ट्रांजेक्शन के लिए ज्यादा से ज्यादा डिजिटल प्लेटफार्म का इस्तेमाल किया जाए। इसके लिए ग्राहकों को जागरूक किया जाए। इसके साथ बैंक में काम करने का समय सुबह दस से दोपहर दो बजे तक निर्धारित किया गया।