- चार किलोमीटर लंबी रोड बनने से हजारों ग्रामीणों को मिलेगा लाभ
रामनगर। पंचायत बरियालता में धीरन गांव से बंदबरियालता गांव तक चार किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया। लगभग 9.52 करोड़ के महत्वपूर्ण मार्ग का उद्घाटन विधायक डॉ. सुनील भारद्वाज ने किया।
परियोजना प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत की गई है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना है। खराब रास्ते के कारण लंबे समय से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। खासकर स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों को दिक्कतें झेलनी पड़ती थी।
विधायक डॉ. भारद्वाज ने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी। सरकार गांव-गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और यह मार्ग हजारों ग्रामीणों के लिए जीवनरेखा साबित होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
पूर्व सरपंच ने बताया कि सड़क निर्माण से तीन वार्डों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। किसानों को फसल बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत मिलेगी, साथ ही आपातकालीन सेवाओं में परेशानी नहीं होगी।