उधमपुर। शहर के बीच सुभाष चौक से सैला तालाब तक धार रोड के दोनों किनारे अवैध पार्किंग स्थल में तब्दील हो चुके हैं। सुबह से शाम तक दोनों किनारों पर सैकड़ों वाहन पार्क रहते हैं, जिस कारण यातायात बुरी तरह से प्रभावित रहता है। सख्त कार्रवाई नहीं होने का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
शहर के बीच से पुराना राजमार्ग और धार रोड गुजरता है। इस पर हर रोज हजारों वाहन आवाजाही करते हैं। सबसे ज्यादा यातायात धार रोड पर ही प्रभावित होता है। इसका बड़ा कारण धार रोड के दोनों किनारों पर अवैध पार्किंग है। दोनों किनारों पर सुबह से शाम तक निजी वाहन पार्क रहते हैं। इसके अलावा रामनगर, कठुआ, मजालता, रौंन दोमले, जगानू, धंदाल, बारटा, चनुनता व अन्य कई रूट पर चलने वाली मेटाडोर व बसों को भी धार रोड के किनारे पर पार्क किया जा रहा है। नियम अनुसार इन वाहनों को खाली समय में बस अड्डा या फिर मेटाडोर स्टैंड पर खड़ा किया जाना चाहिए, लेकिन इनके चालक इनको धार रोड के किनारे पर खड़ा कर देते हैं। पार्क किए वाहनों के कारण दूसरे वाहनों को चलने का स्थान नहीं मिलता है और फिर जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। सुबह से शाम तक फिर यही स्थिति बनी रहती है।
धार रोड के चौड़ा होते ही बन गए पार्किंग स्थल
सुभाष चौक से सलाथिया चौक तक धार रोड के हिस्से को 2010 में बीआरओ ने डबल लेन किया था। इससे पहले यह लिंक रोड था। शहरवासियों को लगा था कि इसके डबल लेन बनने के बाद वाहनों की आवाजाही सुचारु रूप से चलेगी। लेकिन इसके चौड़ा होते ही दोनों तरफ पार्किंग स्थल बन गए और शहरवासियों को आज तक इसका सही तरह से लाभ नहीं मिला है।
धार रोड पर होती है सबजे ज्यादा आवाजाही
धार रोड पर सबसे ज्यादा लोगों की आवाजाही होती है। इसका सबसे बड़ा कारण धार रोड के किनारे पर डीसी कार्यालय, एडीडीसी कार्यालय, जिला अदालत, जेके बैंक, एसबीआई बैंक के साथ कई बड़ी कंपनियों के शो रूम का होना है। इसी कारण लोग अपने निजी वाहनों को धार रोड के किनारे पर खड़ा कर निकल जाते हैं। कई स्थानों पर नो पार्किंग एरिया के बोर्ड भी लगाए गए हैं, लेकिन इसकी कोई परवाह नहीं करता है।
ट्रैफिक पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था लगातार नजर रखी हुई है। कई बार धार रोड के किनारे पर पार्क किए गए वाहनों को जब्त कार्रवाई की गई। जब कार्रवाई की जाती है तो दोनों किनारे कुछ दिन तक खाली रहते हैं, लेकिन कुछ दिनों के बाद फिर वही स्थिति बन जाती है। इसका स्थायी समाधान निकालने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
-हिम्मत सिंह, डीएसपी ट्रैफिक, उधमपुर