उधमपुर। सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने की पहल के तहत जिब में गुटयाल मोड़ से धनु वाया सीन ब्राह्मणा सड़क की हालत सुधारी जाएगी। मरम्मत कार्य पर 13 लाख रुपये खर्च होंगे। इससे लंबे समय से जर्जर सड़क को नया रूप मिलेगा। लोक निर्माण विभाग की तरफ से निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सुमित शर्मा, तारा चंद, राज कुमार, सतीश कुमार, अशोक कुमार व अन्य स्थानीयों के अनुसार गड्ढों के कारण आए दिन वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। बरसात में स्थिति और भी खराब हो जाती थी जिससे फिसलन और जलभराव के कारण हादसों का खतरा बढ़ जाता था। कई बार स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को चोटें भी आई हैं। खासकर बरसात में पानी भरने से गड्ढों का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता था। स्थानीय लोगों ने कई बार प्रशासन से सड़क की मरम्मत की मांग की थी।
अब लोक निर्माण विभाग सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों की पहचान कर उन्हें दुरुस्त करेगा। मरम्मत कार्य में गड्ढों को भरने के साथ सड़क की सतह को मजबूत किया जाएगा, ताकि भविष्य में समस्या उत्पन्न न हो। इससे न केवल स्थानीय निवासियों बल्कि अन्य गांवों के लोगों को भी सुविधा होगी। बेहतर सड़क से वाहनों की आवाजाही सुगम होगी। यात्रा का समय कम होगा और ईंधन की बचत भी संभव होगी। साथ ही दुर्घटनाओं के जोखिम में कमी आएगी जिससे यातायात सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
टेंडर जारी हो चुका है। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द कार्य शुरू कर दिया जाएगा जिसे तय समयसीमा में पूरा किया जाएगा।
-
रोहित गुप्ता, एईई, लोक निर्माण विभाग