उधमपुर। चिनैनी ब्लॉक के अंतर्गत पंचायत मतलोवा ‘बी’ में स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल धनास के खेल मैदान के उन्नयन को लेकर ढाई लाख की योजना मंजूर की गई है। इसका उद्देश्य क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की तरफ से इस कार्य को लेकर टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभागीय जानकारी के मुताबिक योजना के तहत मैदान को समतल किया जाएगा, जल निकासी की व्यवस्था सुधारी जाएगी तथा आवश्यकतानुसार अन्य बुनियादी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि विद्यालय के खेल मैदान की स्थिति संतोषजनक नहीं थी, जिससे छात्रों को खेल गतिविधियों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब खेल मैदान की हालत में सुधार से विद्यार्थियों को काफी राहत मिलेगी और स्थानीय युवा भी इसका लाभ ले सकेंगे। स्थानीय मुकेश कुमार, राकेश शर्मा, अजय कुमार, प्रीतम दास व अन्य ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास को भी बढ़ावा देते हैं। बेहतर खेल सुविधाओं से छात्रों का सर्वांगीण विकास संभव हो सकेगा। साथ ही क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने का अवसर भी मिलेगा।
-
कोटखेल मैदान के अपग्रेडेशन के कार्य को लेकर टेंडर जारी कर दिया गया है। इसकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे का काम भी जल्द पूरा किया जाएगा।
-संजय कुमार, एक्सईएन, ग्रामीण इंजीनियरिंग विंग