धर्मनगरी से लेकर त्रिकुटा पर्वत स्थित भवन तक आस्था का माहौल
हेलिकॉप्टर सेवा, बैटरी कार सेवा और भवन पर रोपवे सेवा दिन भर सुचारु रूप से संचालित रहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। गर्मियों के इस मौसम में देशभर से भारी संख्या में श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दरबार में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इन दिनों कटड़ा धर्मनगरी से लेकर त्रिकुटा पर्वत स्थित भवन तक आस्था का एक अद्भुत माहौल बना हुआ है।
मंगलवार को मौसम साफ रहने से श्रद्धालुओं को यात्रा में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। मौसम अनुकूल होने के कारण हेलिकॉप्टर सेवा, बैटरी कार सेवा और भवन पर रोपवे सेवा पूरे दिन सुचारु रूप से संचालित रहीं। साथ ही श्रद्धालु पैदल, घोड़े, पालकी और अन्य माध्यमों से भवन तक पहुंचते देखे गए।
धर्मनगरी कटड़ा से भवन तक की यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रही। स्थानीय प्रशासन और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा किए गए पुख्ता इंतजामों के चलते यात्रियों को पानी, चिकित्सा, खान-पान और सुरक्षा से संबंधित कोई परेशानी नहीं हुई।
श्राइन बोर्ड के अनुसार मंगलवार को दिनभर में लगभग 32,000 श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में हाजिरी लगाई, जबकि बुधवार शाम 6 बजे तक करीब 25,700 श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। पूरा मार्ग जय माता दी के जयकारों से गूंजता रहा। मंदिर परिसर और रास्ते में जगह-जगह भोजनालय, प्याऊ, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र और विश्राम स्थल बनाए गए हैं।
श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा पर आने से पहले ऑनलाइन या ऑफलाइन पंजीकरण अवश्य कराएं और यात्रा के दौरान बोर्ड के दिशा-निर्देशों का पालन करें।